उधमपुर। जिले में डेंगू के मामलों में पिछले वर्षों के मुकाबले इस साल काफी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में जहां जिले में डेंगू के 720 मामले सामने आए थे, वहीं 2024 में 328 और 2025 में 426 मामले दर्ज किए गए। इस साल के अभी तक जिले में डेंगू के कुल 32 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस साल सबसे अधिक मामले टिकरी ब्लाक में दर्ज किए गए हैं।
मलेरिया और डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। ब्लाक स्तर पर सामने आए मामलों की बात करें तो टिकरी में सबसे अधिक 14 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा चिनैनी में 11, रामनगर में चार और मजालता में तीन मामले सामने आए हैं। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में जिले में डेंगू के 720 मामले सामने आए थे। यह साल डेंगू के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण रहा था और इस दौरान दो मरीजों की मौत भी हुई थी। वर्ष 2026 में अब तक केवल 32 मामले सामने आए हैं। ऐसे में इस साल स्थिति पिछले वर्षों के मुकाबले काफी बेहतर दिखाई दे रही है।
मलेरिया भी मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी
मलेरिया भी मच्छरजनित बीमारी है, जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलती है। संक्रमित व्यक्ति को तेज बुखार, ठंड लगना, पसीना आना, सिरदर्द और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं। मलेरिया का संक्रमण रोकने के लिए मच्छरों से बचाव और समय पर जांच करवाना जरूरी है। मानसून और मानसून के बाद जुलाई से नवंबर तक मलेरिया के संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। विशेष रूप से जुलाई से सितंबर के दौरान कई क्षेत्रों में मामले बढ़ने की संभावना रहती है। लोगों को मलेरिया के लक्षणों, बचाव के तरीकों और समय पर जांच करवाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभाग की ओर से घरों के आसपास सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है।
स्वास्थ्यकर्मियों को घर-घर जाकर जागरूक करने की जिम्मेदारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 29 स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और बचाव संबंधी गतिविधियां चलाने के लिए लगाया गया है। विभागीय टीमें लोगों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही कूलरों, गमलों, पुराने टायरों, कबाड़ और अन्य अनुपयोगी बर्तनों में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी जा रही है। डेंगू और मलेरिया की रोकथाम में लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। बुखार, सिरदर्द, ठंड लगने या शरीर में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
कोट
लोगों से अपील है कि वे घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा पानी जमा होने वाले बर्तनों को नियमित रूप से साफ करें। बुखार, सिरदर्द और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर डाॅक्टर की सलाह जरूर लें।
- जोगिंद्र कटोच, इंचार्ज जिला मलेरिया अधिकारी, उधमपुर