उधमपुर। आत्मा योजना के तहत रामनगर उपमंडल के करीब 100 किसानों के दल ने सोमवार को कृषि निदेशालय तलाब तिल्लो जम्मू का भ्रमण कर आधुनिक खेती की बारीकियों को समझा। एक दिवसीय एक्सपोजर सह प्रशिक्षण दौरे के लिए किसानों को विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
विज्ञापन
जम्मू पहुंचने पर किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से सीधी बातचीत की। इस दौरान उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती, सरकार की योजनाओं और कृषि क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों की जानकारी दी गई। किसानों ने अपनी समस्याएं भी विशेषज्ञों के सामने रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान बताया गया।
विभाग का कहना है कि इस तरह के भ्रमण का मकसद किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़ना और उनकी आय बढ़ाना है। विभाग भविष्य में भी आत्मा योजना के तहत ऐसे प्रशिक्षण और भ्रमण कार्यक्रम जारी रखेगा, ताकि किसान खेती को आधुनिक और लाभकारी बना सकें।