उधमपुर। सरकारी मेडिकल कालेज में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से तैयार होने वाली दो अलग-अलग पार्किंग परियोजनाएं तैयार की गईं, लेकिन इनकी मौजूदा स्थिति अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। एक तरफ मुख्य गेट के सामने पार्किंग निर्माण का काम पिछले करीब छह महीने से बंद पड़ा है, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल की पिछली तरफ प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के बावजूद अस्पताल परिसर में पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
रोजाना बड़ी संख्या में मरीजों और उनके तीमारदारों को अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। खासकर गंभीर मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंचने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और परेशानी बढ़ाने वाली साबित होती है। जीएमसी में प्रतिदिन शहर और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के अलावा अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य लोगों के वाहन भी परिसर में पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण वाहन खड़े करने की समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए जगह तलाशने में काफी समय लग जाता है। लोगों को उम्मीद थी कि दो स्थानों पर प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं के पूरा होने से इस समस्या से राहत मिलेगी, लेकिन एक परियोजना करीब छह महीने से बंद है और दूसरी अभी निर्माण शुरू होने का इंतजार कर रही है।
मुख्य गेट के सामने 2.49 करोड़ की पार्किंग का आधा काम कर छोड़ा
जीएमसी के मुख्य गेट के सामने नाले पर स्लैब डालकर पार्किंग स्थल विकसित करने की परियोजना शुरू की गई थी। इसके लिए 2.49 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई थी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद नाले पर पिलर तैयार कर कुछ काम किया गया, लेकिन कुछ निर्माण होने के बाद पिछले करीब छह महीने से काम बंद पड़ा है। इसके चलते पार्किंग स्थल अभी तक तैयार नहीं हो पाया है। जिस परियोजना से अस्पताल के मुख्य गेट के आसपास वाहनों को खड़ा करने की समस्या कम होने की उम्मीद थी, उसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को आज भी पहले की तरह ही अपने वाहन लगाने के लिए जगह तलाशनी पड़ रही है।
पिछली तरफ 15.82 करोड़ की बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण अब तक शुरू नहीं
वहीं, जीएमसी परिसर की पिछली तरफ प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग की स्थिति भी लोगों की उम्मीदों के अनुरूप नहीं है। इस परियोजना के लिए 15.82 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। इस परियोजना के तहत अभी तक मौके पर निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हो पाया है। बहुमंजिला पार्किंग बनने से अस्पताल में आने वाले वाहनों को खड़ा करने के लिए अधिक जगह उपलब्ध होने की उम्मीद है, लेकिन अभी तक इसका काम शुरू नहीं हो पाया है। खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से मरीजों को लेकर आने वाले परिवारों को उम्मीद थी कि पार्किंग की सुविधा मिलने से अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें वाहन खड़ा करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों की पार्किंग की सुविधा मिलने की उम्मीद पर पानी फेर दिया है।
कोट
जीएमसी के मुख्य गेट के सामने पार्किंग निर्माण का काम ठेकेदार की ओर से नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि इसके बावजूद काम शुरू नहीं किया जाता है तो टेंडर रद्द कर नए सिरे से टेंडर जारी किया जाएगा। वहीं, अस्पताल की पिछली तरफ प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग स्थल पर सोलर पैनल, पानी की पाइपें और बिजली के खंभे हटाने और जगह खाली करवाने के लिए अस्पताल प्रबंधन को पत्र भी लिखा गया है। जगह खाली होने के बाद ही पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू करवाया जा सकेगा।
- शम्मी गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग