उधमपुर। अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से मंजूर 124 करोड़ रुपये की परियोजना को चिनैनी के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने उधमपुर के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर स्थानीय विधायकों की अनदेखी का आरोप भी लगाया।
मनकोटिया ने कहा कि अमृत 2.0 के तहत मंजूर यह परियोजना केवल किसी एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि उधमपुर की सभी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हुई है। इस क्षेत्र में परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य होने हैं, वह उनके विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। परियोजना के तहत सलमेय क्षेत्र में फिल्टर प्लांट और अन्य जरूरी ढांचा तैयार किया जाना है। साथ ही पानी डीबर क्षेत्र से आएगा। उन्होंने कहा कि सलमें क्षेत्र में मशीनरी, पावर और फिल्टर प्लांट समेत विभिन्न कार्यों पर 13 करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च होने की संभावना है।
मनकोटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला हाल ही में परियोजना के शिलान्यास के लिए उधमपुर पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम में संबंधित विधायकों को बुलाया नहीं गया। उन्होंने कहा कि परियोजना का बड़ा हिस्सा केंद्र सरकार की योजना के तहत स्वीकृत हुआ है, इसलिए शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह के योगदान का भी उल्लेख होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि वह श्रीनगर जाकर अपनी टीम के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और जरूरत पड़ने पर विधानसभा में मुख्यमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने पर विचार किया जाएगा।