उधमपुर। नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आंबेडकर वेलफेयर ट्रस्ट की तरफ से शुक्रवार को आंबेडकर चौक पर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रदर्शन किया गया। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
आंबेडकर वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक गोविंद राम की अध्यक्षता में आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन सुबह 9 बजे शुरू हुआ जो दोपहर 3 बजे तक आंबेडकर चौक पर शांतिपूर्वक जारी रहा। प्रदर्शन के उपरांत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों का विश्वास कमजोर हुआ है। साथ ही पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
गोविंद राम ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, सरकारी शिक्षण संस्थानों को सुदृढ़ किया जाए तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके अलावा नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति और केंद्र सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्रवाई करेगी।