उधमपुर। रौन-दोमेल से शनिवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, हरिनाम संकीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा विभिन्न मार्गों से होकर जगानू और सतैनी मोड़ से होते हुए अंत में रौन दोमेल में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुई। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने रथयात्रा की शोभा बढ़ा दी। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया, जबकि विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। मार्ग में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद, शीतल पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।