उधमपुर। सरकार की तरफ से सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत अंत्योदय अन्न योजना परिवारों के विद्यार्थियों की पूरी स्कूल फीस माफ करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना का लाभ जिले के 1,110 विद्यार्थियों को मिलेगा। सरकार के आदेश के बाद जिला स्तर पर लाभार्थी विद्यार्थियों का विवरण तैयार किया जा रहा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार सरकार के आदेश के बाद निदेशालय ने सभी जिलों से लाभार्थी विद्यार्थियों का विस्तृत आंकड़ा मांगा है। जिला शिक्षा विभाग अगले दो-तीन दिनों के भीतर आवश्यक जानकारी निदेशालय को भेजेगा, ताकि योजना का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंच सके।
इस फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर शिक्षा का खर्च कम होगा। इससे विद्यार्थियों के स्कूल छोड़ने की संभावना घटेगी और वे बिना आर्थिक चिंता के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी तथा शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित होंगे। सीईओ सुभाष चंद्र गुप्ता के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार निदेशालय की ओर से जिले से एएवाई श्रेणी के विद्यार्थियों का आंकड़ा मांगा गया है। वर्तमान में जिले में 1,110 पात्र विद्यार्थियों की पहचान की गई है, जिन्हें सरकार की फीस माफी योजना का लाभ मिलेगा।
जिले में लाभार्थी विद्यार्थियों का विवरण
कक्षा विद्यार्थियों की संख्या
9वीं 344
10वीं 294
11वीं 280
12वीं 192