पौनी। भांबला मार्ग पर वीरवार देर रात डंपर खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुधीन मोड़ के पास हुआ। डंपर पौनी से भांबला की ओर जा रहा था। सुधीन मोड़ के निकट पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे डंपर सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना में डंपर में सवार दोनों लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भांबला पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी भांबला ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एसडीएच सुंदरबनी रेफर कर दिया।
एसडीएच सुंदरबनी में चिकित्सकों ने चालक सुरिंदर सिंह (41) निवासी चन्नी परात जिला राजोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल नासिर अहमद निवासी चन्नी परात जिला राजोरी का उपचार जारी है। भांबला पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।