लोगों ने कहा, फ्लाईओवर बनने से उन्हें लंबा चक्कर लगाकर घर पहुंचना पड़ेगा
उधमपुर। शहर से सटे रठियान गांव के लोगों ने जम्मू-श्रीगनर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनने वाले फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण बिना उचित डायवर्जन के किया जा रहा है। इससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों के अनुसार हाईवे के किनारे कई परिवारों की जमीन और मकान स्थित हैं। यदि बिना डायवर्जन के फ्लाईओवर का निर्माण किया गया तो उन्हें अपने घरों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे रोजमर्रा के कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच में भी दिक्कतें आएंगी।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर का निर्माण पिलर के माध्यम से किया जाए ताकि नीचे से रास्ता खुला रहे और लोगों का आवागमन प्रभावित न हो। उनका कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से विकास कार्य भी चलता रहेगा। आम जनता को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालने की अपील की है।