भांबला। जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग के भांबला मुख्य बाजार में सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। गड्ढों से बचने के प्रयास में कई बार वाहन चालकों के बीच हादसे की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे विवाद की स्थिति भी बनती है। वहीं, सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को जान-माल का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय दुकानदार राहुल शर्मा ने बताया कि पिछले कई महीनों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए थे, जो बारिश के दौरान पानी से भरकर तालाब का रूप ले लेते थे। दो-तीन दिन पहले गड्ढों को भरने का काम किया गया है, लेकिन उनमें अभी तारकोल नहीं डाला गया है। इससे वाहनों के चलने पर सड़क की मिट्टी और धूल उड़कर दुकानों के अंदर पहुंच रही है, जिससे कपड़े और अन्य सामान खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि धूल-मिट्टी के कारण दुकानदारों का बैठना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी सौरभ शर्मा और मोहन पुरी ने कहा कि गड्ढों को भरने का काम किया गया है लेकिन यदि उनमें तारकोल डालकर पक्का किया जाता तो धूल-मिट्टी से राहत मिलती। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा बारिश होती है तो गड्ढे फिर से पानी से भर सकते हैं और समस्या पहले जैसी हो जाएगी। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क पर तारकोल डालकर गड्ढों को पूरी तरह दुरुस्त करने की मांग की है।
इस संबंध में ग्रेफ के कार्यकारी अभियंता सुखदेव ने बताया कि सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। गड्ढों में तारकोल डालने के लिए भी कहा गया है, लेकिन बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद जैसे ही मौसम साफ होगा, गड्ढों में तारकोल डालकर सड़क की मरम्मत का काम पूरा कर दिया जाएगा।