पौनी। कस्बे में पिछले कई महीनों से चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में रोष व्याप्त है। गंदगी के कारण बाजार क्षेत्र में बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासी अंचल शर्मा और सुखविंदर सिंह ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नालियों में जमा गंदगी सड़कों पर बहकर दुकानों के अंदर तक पहुंच जाती है, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कस्बे में जगह-जगह कूड़ेदान कचरे से भरे पड़े हैं, जबकि मुख्य बाजार में खाली पड़ी जगह पर भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है और डेंगू सहित अन्य बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने अशरफ कूचे से कस्बे में जल्द फॉगिंग एवं दवा का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि मच्छरों पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।