पौनी। कस्बे में पिछले कई महीनों से बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और अधिकांश नालियां जाम पड़ी हैं। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते मुख्य बाजार की नालियां ओवरफ्लो हो गईं। इससे गंदा पानी दुकानों में घुस गया और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
दुकानदार हेमराज, कमल लंगेह और तिलक राज ने बताया कि नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी उनकी दुकानों में भर गया, जिससे अंदर रखा सामान खराब हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूर होकर व्यापारियों ने अपने स्तर पर पैसे खर्च कर नालियों में जमा गंदगी की सफाई करवाई, ताकि बाजार में सामान्य गतिविधियां बहाल हो सकें। सीनियर सिटीजन फोरम के सदस्य अजीत राम बढ़गोतरा और जतिंदर बख्शी ने कहा कि उन्होंने प्रशासन से सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार कर जाम नालियों की सफाई कराने और नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की।