पौनी। रियासी–पौनी सड़क मार्ग पर ठंडा पानी क्षेत्र में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर बुधवार को पहाड़ी से अचानक मलबा आ गिरा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, ठंडा पानी क्षेत्र में पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही पेट्रोल पंप का संचालन शुरू हो जाएगा। पेट्रोल पंप पर आवश्यक मशीनरी भी स्थापित की जा चुकी थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा, जिससे परिसर प्रभावित हुआ।
घटना के समय वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पहाड़ी से मलबा गिरता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।