पौनी। आधार शिविर रनसू स्थित शिवखोड़ी में पिछले करीब दो वर्षों से यात्रा में आई मंदी के कारण स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि पिछले तीन-चार महीनों से यात्रा के समय में बढ़ोतरी और स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के चलते श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इससे स्थानीय कारोबारियों के चेहरों पर फिर से रौनक लौट आई है।
स्थानीय व्यापारी कुश कोहली, अजीत शर्मा और साहिल कोहली ने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान प्रतिदिन लगभग दो हजार श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए शिवखोड़ी पहुंच रहे थे। अब यात्रा समय सीमा बढ़ने तथा स्कूलों में छुट्टियों के कारण प्रतिदिन सात से आठ हजार श्रद्धालु पवित्र शिवखोड़ी गुफा में पहुंचकर प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से घोड़ा, पिट्ठू, पालकी संचालकों के साथ-साथ रेहड़ी-फड़ी और अन्य छोटे व्यापारियों को भी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि यात्रा के समय में आगे भी बढ़ोतरी की जाती है तो माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद अधिक संख्या में श्रद्धालु दोपहर के समय शिवखोड़ी पहुंच सकेंगे। इससे स्थानीय पर्यटन और व्यापार को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।