पौनी। अति विष्णु महा यज्ञ में शनिवार को दसवें दिन यज्ञशाला की परिक्रमा करने व माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संत श्री योगेश्वर दास जी जैसे ही साक्षी महाराज की मूर्ति को यज्ञशाला से बाहर लेकर आए सारा पंडाल जय श्री राधे राधे के जयघोष से गूंज उठा। मौके पर आए हुए लोगों ने महाराज के साथ यज्ञशाला की परिक्रमा की।
देश के लिए बलिदान हुए अमर वीर जवानों की याद में यज्ञ का आयोजन संत श्री बालक योगेश्वर दास जी महाराज के सानिध्य में करवाया जा रहा है। हवन की शुरुआत हनुमान चालीसा से हुई। इसके बाद आरती कर हवन संपन्न किया गया।
गौरतलब है कि पिछले दस दिनों से रोजाना हवन कर बलिदान जवानों की याद में आहुतियां डाली जा रही हैं। शनिवार को परिक्रमा के दौरान जय श्री राधे राधे के जयघोष से पौनी गूंज उठा। यज्ञशाला में बनाए गए हवन कुंडो में पास बैठे श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। आचार्य मृदुल शास्त्री की तरफ से मंत्रोचारण कर हवन करवाया जा रहा है। शनिवार को यज्ञ समापन के पूर्व दिन अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुखदेव सिंह संबयाल, रियासी के विधायक कुलदीप राज शर्मा सहित कटड़ा के विधायक बलदेव राज शर्मा, सुखनंदन चौधरी के साथ अन्य कई वरिष्ठ नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। शनिवार को विशेष आहुतियां व पूर्णाहुति डाल कर यज्ञ का समापन किया जाएगा।