पौनी। स्थानीय प्राइमरी हेल्थ सेंटर में करीब तीन महीने पहले मिली अल्ट्रासाउंड मशीन को अब इस्तेमाल में लाने की अनुमति मिल गई है। अगले हफ्ते से ये सुविधा शुरू होगी। अब ब्लॉक के लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए रियासी, सुंदरबनी या फिर अन्य जगह पर नहीं जाना पड़ेगा।
पीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन को मिले करीब तीन महीने हो गए हैं, लेकिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलने के कारण लोगों में व स्थानीय नेताओं ने अनेक सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस नेता करण दीप सिंह ने भी लोगों के साथ धरना प्रदर्शन किया था। सीनियर सिटीजन ने भी अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू करने को कहा था।
बीएमओ डॉक्टर अशरफ कूचे ने बताया कि कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब अगले हफ्ते से बुधवार व शनिवार को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।