पौनी। भारख पंचायत के मला सेरेना के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल तहसीलदार से मिला। इसमें पुरुषों सहित महिलाएं व स्कूली बच्चे भी शामिल थे। मला सेरेना निवासियों ने बताया कि उनके गांव में रोड की कटिंग कराई गई थी। उसके साथ साथ ही उन्होंने नालियों का कार्य भी शुरू किया था। अब कुछ स्थानीय लोगों ने रास्ते में अतिक्रमण कर रखा है। इसके साथ ही नालियां भी ब्लॉक कर दी हैं। जिस कारण कच्चा रोड होने पर नालियों का सारा पानी रोड के बीचों बीच आ जाता है। रोड में कीचड़ होने से लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय महिला उषा देवी व रेखा देवी ने बताया कि शुक्रवार को सड़क के किनारे बंद पड़ी नालियों को खुलवाने के लिए लोगो ने जेसीबी मशीन लगवाई लेकिन वहां पर मौजूद लोगों ने काम बंद करवा दिया।
गांव निवासी प्रभ दयाल ने बताया कि इसकी शिकायत तहसीलदार से की थी लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज फिर महिला व बच्चों सहित तहसीलदार साहिल रंधावा के पास लिखित में शिकायत दर्ज कराई है। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि वह खुद जाकर समस्या का समाधान करेंगे। इस मौके पर पूजा देवी, रवि कुमार, संजय कुमार, सोनू कुमार, रमेश चंद, सीता राम, पोली देवी, ओम प्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।