पौनी। ब्लॉक में दो दिनों से जारी बारिश के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग पानी की आपूर्ति के लिए भी तरस रहे हैं। पंद्रह दिनों से भांबला की पंचायत के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं माड़ी नाला, कलहाड़, सुगल, कान्हा गांव में भी पिछले पांच दिनों से नलों में पानी नहीं आया है। लोग पानी के लिए बावलियों का रुख कर रहे हैं।
सोमवार देर रात को हुई बारिश के बाद बिजली भी गुल हो जाने से लोगों को और मुसीबतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी पूरा दिन बिजली बहाल नहीं हो सकी। लोगों के इनवर्टर भी बंद हो गए। वहीं, इंटरनेट सेवा भी पूरी तरह से बंद हो गई। बुधवार को सुबह ग्यारह बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के साथ साथ इंटरनेट सेवा भी सुचारू रूप से बहाल हो पाई।