उधमपुर। जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने जीएमसी अस्पताल का दौरा कर व्याप्त अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि पार्किग व्यवस्था और मरीजों की सुविधाओं को लेकर तत्काल सुधार किए जाएं।
मगोत्रा ने बताया कि उन्हें अस्पताल आने वाले कई लोगों की ओर से कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी की जाती हैं, जिससे आने-जाने वाले मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार एम्बुलेंस को भी अस्पताल के पिछले हिस्से में पार्क किया जाता हैं, जिसके कारण गंभीर मरीजों को पैदल चलकर अंदर जाना पड़ता है। मगोत्रा ने अस्पताल अधीक्षक से आग्रह किया कि पार्किग स्थल को व्यवस्थित किया जाए, वाहनों की गलत पार्किग पर रोक लगाई जाए ताकि मरीजों को आसानी से अस्पताल पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि मरीजों और परिजनों ने लैब टेस्ट के लिए घंटों लाइन में लगने और एम्बुलेंस सुविधा न मिलने की भी शिकायत की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द अस्पताल में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सकें।