उधमपुर। पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से 17 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से तहसील पंचैरी में पड़ते बकरुबड-थाडल-पारीपदर तक 7 किलोमीटर नई सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में आजादी के बाद पहली बार सड़क बनेगी। इसके चलते क्षेत्र वासियों में खुशी की लहर है। वहीं इस सड़क के बनने से 2 से 3 हजार की आबादी को लाभ होगा। हालांकि मौजूदा समय में लोग रोजाना 7 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर आते जाते हैं। अब सड़क का निर्माण होने से उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होने के साथ ही समस्या से भी निजात मिलेगी।
वहीं विभाग की ओर से क्षेत्र में सड़क बनाने के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा। वहीं इस संदर्भ में स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क की मांग को लेकर कई बार प्रशासनिक बैठकों में इस मुद्दे को जोर-जोर से उठाया जाता रहा है, लेकिन अब क्षेत्र में सड़क बनाने की मंजूरी मिलने से लोगों में काफी खुशी की लहर है। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके क्षेत्र में भी सड़क का निर्माण होगा। हम लोग सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं जिनकी ओर से हमारे क्षेत्र में सड़क का निर्माण होने जा रहा है।
कोट
विभाग की ओर से क्षेत्र में सड़क के निर्माण को जल्द से जल्द शुरू करने को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया के पूरे होते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-निर्मल, जेई, पीएमजीएसवाई विभाग