उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक बसंतगढ़ के सब सेंटर कदवा में स्टाफ की कमी से लोग परेशान हैं। पिछले 8 सालों से सेंटर में स्टाफ की कमी के चलते लोगों को इलाज के लिए क्षेत्र से 12 किलोमीटर दूर पीएससी बसंतगढ़ में जाकर अपना इलाज करना पड़ रहा है। हालांकि समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोग व पूर्व सरपंच विभाग के साथ-साथ प्रशासन से भी गुहार लगा चुके हैं लेकिन कुछ नहीं हुआ।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच रशीद का कहना है कि बेशक विभाग की ओर से लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए सब सेटर का निर्माण किया गया है, लेकिन स्टाफ की कमी के चलते लोगों को इलाज के लिए बसंतगढ़ जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में सेटर में एक ही कर्मचारी लगाया गया है जो की एक महिला है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से उसे भी फील्ड में नियुक्त किया गया है। इसके चलते सेंटर ज्यादातर बंद रहता है। उनका कहना है कि क्षेत्र के साथ लगते आसपास के गांव को मिलाकर 5 हजार से अधिक की आबादी इस सेंटर पर निर्भर है, लेकिन सेंटर में सुविधाओं की कमी के साथ-साथ स्टाफ न होने के चलते लोगों को इलाज के लिए पीएचसी बसंतगढ़ जाना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द से सेंटर में स्टाफ की कमी को पूरा करने के साथ ही स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है। ताकि लोगों को इलाज के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।