शहर के वार्ड नंबर 11 शिव नगर में फॉगिंग करता नगर परिषद कर्मचारी।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। डेंगू के सीजन के चलते मौजूदा समय में जिले में डेंगू पॉजिटिव के 98 मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को 8 नए मामले सामने आए। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद सर्तक हो गए हैं। लोगों को डेंगू से बचाने के लिए शहर के वार्डों में फागिंग करवाई जा रही है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाई गई विशेष टीमें शहर के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को डेंगू से बचाव को लेकर जागरूक कर रही हैं। साथ ही बुखार से पीड़ित लोगों के टेस्ट भी किए जा रहे हैं।
दूसरी ओर नगर परिषद की ओर से शहर के 21 वार्डों में फॉगिंग का कार्य जोरशोर से किया जा रहा है। इसके अलावा वार्डों में सफाई अभियान भी चलाया गया है।
परिषद की ओर से जहां फागिंग के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है तो वहीं दूसरी ओर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने व लोगों को डेंगू से बचाने के लिए विशेष टीम लगाई गई है। जो कि शहर के अलग अलग वार्डों में जाकर झाड़िया, घास काटने के साथ ही बंद पड़ी नालियों को साफ कर रही है।
कोट
परिषद की ओर से लोगों को डेंगू से बचाने के लिए पूरे शहर के वार्डों में फॉगिंग करने के साथ ही पार्कों में भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मौजूदा समय में शहर के सभी वार्डों में फागिंग करवा दी गई है। अभी भी जिस क्षेत्र से डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं, उनमें भी टीम जाकर फागिंग कर रही है। परिषद की ओर से लोगों को डेंगू से बचाने के लिए लगातार प्रयास जारी है।
-बारबी सिंह, खिलाफवर्जी इंस्पेक्टर, नगर परिषद