उधमपुर। पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से लद्दा से चुनंतागली वाया खारनकोट तक 15 करोड़ 61 लाख की लागत से 6.725 किलोमीटर सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। सड़क बनने से कई पंचायतों का आपस में लिंक जुड़ने के साथ ही कई पंचायतों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
ब्लॉक मौगरी में पड़ते लद्दा से चुनंतागली वाया खारनकोट तक 6.725 किलोमीटर नई सड़क बनाई जा रही है। ताकि इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आ रही परेशानियों से निजात मिल सके। इसके लिए विभाग द्वारा सड़क के निर्माण कार्य को शुरू करने को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं क्षेत्र में सड़क बनने की मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों के साथ साथ कई पंचायतों के लोगों में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि सड़क न होने के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते क्षेत्रवासियों ने कई बार प्रशासनिक बैठकों में इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया था। क्षेत्र में सड़क बनने से कई विकास कार्य भी होंगे जो सड़क न होने के कारण आज तक नहीं हो सके। इस सड़क के बनने से कई पंचायतों के साथ लद्दा मुख्य सड़क से लिंक जुड़ेगा। वहीं क्षेत्र में सड़क बनने से लोगों को आए दिन पैदल आने जाने से निजात मिलेगी।
विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होती है वैसे ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। अमित अबरोल, एईई पीएमजीएसवाई विभाग।
रिपोर्ट, परवेज खान