उधमपुर। लगातार बदल रहे मौसम के मिजाज के चलते जहां तापमान में आए दिन बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती गर्मी कई तरह की बीमारियों को भी न्यौता दे रही है। इसके चलते मौजूदा समय में कई लोग डायरिया व वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक पंचैरी में विशेष टीम का गठन कर लोगों को डायरिया, डेंगू व मलेरिया से बचाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
टीम पंचैरी के विभिन्न गांवों में लोगों को जागरूक करने के साथ ही क्षेत्र में बीमार पड़े लोगों के खून की जांच भी कर रही है, ताकि डेंगू व मलेरिया से पीड़ित लोगों का पता लगाकर समय पर उनका इलाज शुरू किया जा सके। हालांकि पिछले 15 दिनों में डेंगू व मलेरिया के किए गए टेस्टों में अभी तक कोई पॉजीटिव नहीं आया है।
मौजूदा समय में बढ़ती गर्मी के प्रकोप के चलते डायरिया ने अपने पांव पसारने शुरू दिए हैं। इसके चलते शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इस बीमारी की चपेट में आने से अस्पताल पहुंच रहे हैं।
कोट
बदल रहे मौसम के मिजाज के चलते लोग डायरिया व अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसके चलते विभाग की ओर से विशेष टीम का गठन कर पंचैरी तहसील के विभिन्न गांवों में लोगों के घरों में जाकर उन्हें डयारिया, डेंगू, मलेरिया, व वायरल बुखार जैसी बीमारियों से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। ताकि लोगों को बीमारी से बचाया जा सके। -
शफकत जरगर, बीएमओ पंचैरी।