उधमपुर। एनजीओ प्रयास की ओर से शहर के सलाथिया चौक पर नशा विरोधी अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें संस्था के प्रधान सतीश वर्मा की ओर से युवाओं को नशे से दूर रहने व उसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में युवा वर्ग नशे की लत में फंसता जा रहा है जो एक गंभीर चिंता का विषय होने के साथ ही समाज के लिए भी घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे को छोड़ खेलों की ओर अपना रुझान बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज तक जितने भी युवा नशे के दलदल में फंसे हैं वह ज्यादातर कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त हैं। जिसके चलते हम सबको नशे की लत में फंसे युवाओं को बाहर निकालने के लिए उन्हें जागरूक करना बहुत जरूरी है। नशा युवाओं को खोखला कर रहा है अगर अभी भी युवाओं ने नशे को छोड़ खेलों की ओर अपना रुझान नहीं बढ़ाया तो आने वाले समय में उन युवाओं के लिए परेशानी का सबब बनेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि अगर उन्हें कोई नशे की लत में फंसा युवक मिलता है तो उसे इस तरह से जागरूक करें। इस मौके पर स्थानीय लोगों के अलावा काफी संख्या में युवा वर्ग व संस्था के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।