उधमपुर। बिजली विभाग की तरफ से मौत का खेल खेला जा रहा है। शहर में लगभग 15 स्थान ऐसे हैं जहां ट्रांसफार्मर बिना फेंसिंग और फाउंडेशन के जमीन पर रखे हुए हैं। इन ट्रांसफार्मरों में करंट आने से कई पशु घायल हो चुके हैं। स्कूलों के पास जमीन पर ट्रांसफार्मर होने से अभिभावकों में बच्चों को लेकर भय बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई मानसिक बीमार लोग शहर में घूमते हैं। इनके भी करंट की चपेट में आने की संभावना बनी रहती है। बिजली विभाग से मांग है कि या तो इन ट्रांसफार्मर को जमीन से ऊपर खंभों पर रखा जाए या फिर फाउंडनेशन पर फेंसिंग के साथ, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।
ट्रांसफार्मरों से होने वाले हादसों को लेकर कई बार स्थानीय लोग बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय निवासी संजय शर्मा का कहना है कि शहर के कई वार्डों में विभाग ने बिना फेंसिंग के ट्रांसफार्मर रख दिए हैं। एक तरफ यह मवेशियों के लिए खतरा हैं तो दूसरी ओर बच्चों के लिए। संजीव शर्मा ने कहा कि बिना फाउंडेशन के रखे ट्रांसफार्मर के कारण बारिश होने पर जमीन में भी करंट का खतरा बना रहता है। शॉट सर्किट से आग लगने का खतरा बना रहता है। रोमी का कहना है कि कई बार बिना फेसिंग के जमीन पर रखे ट्रांसफार्मरों से मवेशियों को बचाया गया है। मवेशी फंसने की सूरत में विभाग के अधिकारियों को फोन करके बिजली बंद करवानी पड़ती है। सुदेश कुमार ने कहा कि विभाग को चाहिए कि जल्द से जल्द जमीन पर रखे सभी ट्रांसफार्मर को फाउंडेशन पर रखवाए। इसके बाद इनकी फेंसिंग करे।
...........................
कोट
जो ट्रांसफार्मर जमीन पर हैं उन्हें जल्द ही फाउंडेशन बनाकर रखवा दिया जाएगा। जिनकी फेंसिंग अभी तक नहीं हुई है, फेंसिंग करवा दी जाएगी। लोगों की जिंदगी बिजली विभाग के लिए प्राथमिकता है। सभी परेशानियों का हल जितना जल्द हो सके, करवा दिया जाएगा। सुनील दत्त पंडोह, एक्सइएन, बिजली विभाग