उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर सात से बिल्लन बावली की ओर जाने वाले मार्ग पर नाला लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। हालांकि लोग कई बार नाले के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग नगर परिषद से कर चुके है, लेकिन आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं हुआ।
बता दें, बिल्लन बावली में स्थित शिव मंदिर परिसर के दोनों ओर बनी बावलियां लोगों के लिए पानी का स्रोत हैं। नाले में सुरक्षा दीवार न बनाए जाने के कारण बरसात के दिनों में नाले का सारा गंदा पानी व कचरा इन बावलियों को दूषित कर रहा है। इतना ही नहीं नाले के साथ फसल को भी बर्बाद कर रहा है। इसके चलते लोगों को हर साल काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस संदर्भ में सचदेवा, विक्रम सिंह, रवि कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य का कहना है कि मंदिर परिसर में रोजाना सैकड़ों की तादाद में लोग पानी के लिए आते हैं। कचरे से भरे नाले से गंदी बदबू के चलते उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि कई बार वह लोग नाले की साफ सफाई करवाने के साथ ही दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस संदर्भ में नगर परिषद के सीईओ राजेंद्र ढींगरा का कहना है कि नाले के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने के लिए विभाग की ओर से जल्द ही प्रयास किए जाएंगे ताकि लोगों के पानी के स्रोत को कोई नुकसान न पहुंचे और लोगों की जमीनों में लगी फसल भी खराब न हो।