रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल में शाबान बास के पास सोमवार शाम 4 बजे करीब एक कार सड़क किनारे बनी रिटेनिंग वॉल से टकरा गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार कार चंबलवास से बनिहाल की ओर जा रही थी। इसी दौरान खारपोरा में रेस्टोरेंट के पास एक पुलिया की रिटेनिंग वॉल के नजदीक चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और कार दीवार से जा टकराई। हादसे में वाहन में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और एनजीओ बनिहाल के स्थानीय स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए उप-जिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान गुंड अडालकोट बनिहाल निवासी खालिद मुज़म्मिल वानी (पेशे से शिक्षक) और उनके पिता गुलाम मोहम्मद वानी (सेवानिवृत्त लेक्चरर) के रूप में हुई है।
घायलों की पहचान अब्दुल कयूम वानी (खालिद मुज़म्मिल के चाचा), तोयबा नबी पुत्री खालिद मुज़म्मिल तथा सात वर्षीय मोहम्मद हुसैन पुत्र मुदस्सिर नज़र और खालिद मुज़म्मिल के भतीजे के रूप में हुई है।
तीनों घायलों को एसडीएच बनिहाल में प्राथमिक उपचार देने के बाद विशेष उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी ) अनंतनाग रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार बनिहाल की ओर जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना का संभावित कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
एसएसपी रामबन अन्ना लता सिन्हा ने हादसे में दो लोगों की मौत और तीन अन्य के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।