रामबन। सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन ने शुक्रवार को चंदरकोट में स्थित अपने सामरिक मुख्यालय में पुलवामा शहीद दिवस मनाया। इस अवसर पर वर्ष 2019 में लेथपोरा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए 40 बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह के दौरान कमांडेंट सहित यूनिट के सभी अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखा।
कमांडेंट एन. रणबीर सिंह ने शहीदों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कहा कि बल हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव बल और राष्ट्र के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।