फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: पटनीटॉप विंटर कार्निवल में नए साल का स्वागत

विज्ञापन
विज्ञापन
रामबन। कड़ाके की ठंड को मात देते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों सहित सैकड़ों लोग वीरवार शाम जम्मू प्रांत के प्रसिद्ध हिल रिसॉर्ट पटनीटॉप में एकत्र हुए। यहां उन्होंने 2025 को विदा किया और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नए साल 2026 का स्वागत किया।
विज्ञापन

नववर्ष समारोह का मुख्य आकर्षण पर्यटन विभाग की तरफ से पटनिटॉप विकास प्राधिकरण (पीडीए), उधमपुर और रामबन के जिला प्रशासन तथा पटनीटॉप होटलियर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित भव्य विंटर कार्निवल रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे सैलानियों के लिए यह कार्निवल प्रमुख आकर्षण बनकर उभरा।
कार्यक्रम का खास आकर्षण लोकप्रिय पंजाबी भांगड़ा और हिप-हॉप गायक ‘निंजा’ की लाइव प्रस्तुति रही, जिन्होंने अपने हिट गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय डोगरी लोक गायकों की प्रस्तुतियां भी शामिल रहीं, जिन्होंने क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया।
विज्ञापन

इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें जिला विकास परिषद रामबन की चेयरपर्सन डॉ. शमशादा शान, चिनैनी के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया, पर्यटन विभाग के निदेशक विकास गुप्ता, उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान, एसएसपी रामबन अरुण गुप्ता, एसएसपी ट्रैफिक पुलिस एनएचडब्ल्यू राजा आदिल हमीद गनई और पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र मन्याल शामिल थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीडीए के सीईओ वीरेंद्र मन्याल ने कहा कि विंटर कार्निवल ने लंबे समय से चले आ रहे सुस्त दौर के बाद पटनीटॉप में पर्यटन गतिविधियों को पुनर्जीवित करने में मदद की है। उन्होंने बताया कि वर्ष के दौरान प्रतिकूल घटनाओं और प्राकृतिक चुनौतियों के कारण क्षेत्र को कई झटकों का सामना करना पड़ा, जिससे पर्यटन पर काफी असर पड़ा।
जैसे ही घड़ी ने आधी रात का समय बताया, लोगों ने संगीत, नृत्य और उल्लास के साथ नए साल का स्वागत किया और निंजा के साथ गाते-नाचते नजर आए। आगंतुकों ने जिपलाइनिंग, फूड स्टॉल्स और कार्निवल के लिए लगाए गए अन्य मनोरंजक आयोजनों का भी आनंद लिया। विंटर कार्निवल ने न केवल नववर्ष समारोह में उत्सव का रंग भरा, बल्कि पटनीटॉप के पर्यटन क्षेत्र के लिए नई उम्मीद भी जगाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें