रामबन। सुशासन सप्ताह–2025 के तहत जिला प्रशासन ने मंगलवार को गूल में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) रामबन वरुणजीत सिंह चरक ने की। उन्होंने कहा कि गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज गूल के भवन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है और आगामी शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान एडीसी ने स्थानीय निवासियों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं। सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा शिकायतों का पंजीकरण किया गया। सभा को संबोधित करते हुए एडीसी ने कहा कि इस तरह के जनसंपर्क कार्यक्रमों का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में पारदर्शी, समावेशी और नागरिक-केंद्रित शासन को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में एसडीएम गूल इम्तियाज अहमद, बीडीओ गूल सद्दाम हुसैन, बीएमओ डॉ. मोहम्मद इकबाल, एसडीपीओ कुलदीप राज, नायब तहसीलदार इंतखाब अहमद, सीडीपीओ बशीर अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनता की मांग पर एडीसी ने बीएमओ गूल को नियमित रूप से दिव्यांगता प्रमाण पत्र पंजीकरण शिविर आयोजित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला अस्पताल रामबन से मेडिकल टीम को जांच एवं प्रमाण पत्र जारी करने के लिए तैनात करने को कहा गया।
एडीसी ने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया और नशाखोरी व राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने संबंधित विभागों को विद्यार्थियों के लिए उचित काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा करते हुए एडीसी ने आश्वस्त किया कि आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। लोगों से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।