रामबन। जिले के गूल क्षेत्र में सोमवार दोपहर गाय के खेत में घुस जाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस चौकी इंड को दोपहर में सूचना मिली कि सज्जाद हुसैन पुत्र मोहम्मद इसराइल निवासी देधा गूल की गाय मोहम्मद अब्दुल्ला पुत्र ग़ुलाम कुंभार निवासी सोखर देधा के खेत में घुस गई थी।
इस पर मोहम्मद अब्दुल्ला ने गाय पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे गाय घायल हो गई और उसका एक सींग टूट गया। इस बात को लेकर सज्जाद हुसैन और मोहम्मद अब्दुल्ला में झगड़ा हो गया। सज्जाद हुसैन ने कथित तौर पर मोहम्मद अब्दुल्ला को धक्का दे दिया। इससे वह गिरा और उसका सिर पत्थर से टकरा गया। सिर में गंभीर चोट लगने पर अब्दुल्ला को सब जिला अस्पताल गूल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। संवाद