रामबन। जिले की तहसील खरी के माहू–खरी लिंक रोड पर नई मंगित सड़क के पास सोमवार को एक यात्री टेंपो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा। हादसे में तीन नाबालिग सहित छह लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। टेंपो ट्रैवलर माहू से खरी की ओर जा रहा था। बताया गया है कि वाहन तेज रफ्तार में था। इससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन लगभग 80 से 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में चालक सहित पांच यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही खरी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरी पहुंचाया।
घायलों में मोहम्मद शबान मीर पुत्र जमालुद्दीन मीर (चालक), साहिबा (4) पुत्री मोहम्मद शबान मीर, पकीजा (5) पुत्री मोहम्मद सुब्हान, मीर महेश (4) पुत्री रियाज़ अहमद नाइक, रियाज़ अहमद नाइक (31) पुत्र अब्दुल गनी नाइक, शकीला बेगम (26) पत्नी रियाज़ अहमद सभी निवासी मंगित, तहसील खरी शामिल हैं।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उप-जिला अस्पताल बनिहाल रेफर किया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने थाना बनिहाल में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।