रामबन। उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान ने शनिवार को सुम्बर में एक जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने जनता द्वारा उठाए गए मुद्दों को धैर्यपूर्वक सुना और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को जन समस्याओं के समाधान में परिणामोन्मुख और सक्रिय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए तथा प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
शिविर के दौरान कई प्रतिनिधिमंडलों और व्यक्तियों ने अपनी मांगें रखीं। इनमें रेलवे परियोजना के भूमि मुआवजे की रिहाई, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर, एम्बुलेंस की व्यवस्था, सड़कों का उन्नयन और रखरखाव, स्कूल भवनों का शीघ्र निर्माण, शिक्षा विभाग में रिक्त पदों की पूर्ति तथा सुम्बर में स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थापना शामिल थीं। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि सभी वाजिब मांगों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।