उधमपुर। जम्मू-कश्मीर में फिर से शुरू हुई दरबार मूव की प्रथा के चलते शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर से कड़ी सुरक्षा के बीच कर्मचारियों का काफिला श्रीनगर से जम्मू की ओर रवाना हुआ।
इस दौरान दो दिनों तक राजमार्ग पर पाबंदियां लागू की गई थीं। इसके तहत 1 और 2 नवंबर को जम्मू से श्रीनगर की ओर जाने वाले सभी बड़े वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
उपराज्यपाल शासन के दौरान जम्मू-कश्मीर में राजा महाराजाओं के समय से चली आ रही दरबार मूव की प्रथा को बंद कर दिया गया था। इसके तहत सर्दियों में राजधानी जम्मू और गर्मियों में राजधानी कश्मीर में सचिवालय की कार्यवाही हुआ करती थी। इस दौरान सभी सरकारी दस्तावेजों, उपकरणों के साथ सरकारी कर्मचारी वाहनों के माध्यम से जम्मू या फिर कश्मीर में स्थानांतरित किए जाते थे। मौजूदा उमर अब्दुल्ला सरकार की ओर से दरबार मूव की प्रथा को फिर से बहाल कर दिया गया है और शनिवार सहित रविवार को दरबार मूव के चलते कश्मीर से सभी कर्मचारी व अधिकारी वाहनों और सरकारी दस्तावेजों के साथ जम्मू की ओर रवाना किए जा रहे हैं।
दरबार मूव के चलते अगले रविवार को भी हैवी वाहन को जम्मू से कश्मीर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जबकि छोटे वाहनों का संचालन दोनों ओर से जारी रहेगा और कश्मीर से आने वाले हैवी वाहन दरबार मूव के बावजूद भी जम्मू की ओर प्रस्थान कर पाएंगे।
दरबार मूव के चलते सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े प्रबंध किए गए हैं और हाईवे पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।