रामबन। डीआईजी डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज श्रीधर पाटिल ने पर्यटन स्थल पटनीटॉप और सनासर में सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की। उन्होंने दोनों स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ एसएसपी रामबन, डीएसपी मुख्यालय रामबन, एसएचओ बटोत, एसएचओ कुद, आईसीपीपी पटनीटॉप, तहसीलदार बटोत और पटनीटॉप विकास प्राधिकरण के साथ-साथ पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि भी थे।
डीआईजी श्रीधर पाटिल ने क्षेत्र के विभिन्न होटल एसोसिएशनों, ट्रेकिंग एसोसिएशनों, सरपंचों और स्थानीय निवासियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। इसमें लोगों को क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तरफ से हाल ही में किए गए सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी।
टीम ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लागू सुरक्षा उपायों का विस्तृत मूल्यांकन किया। हितधारकों के बीच तालमेल को बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की। डीआईजी ने आगंतुकों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। अधिकारियों ने पुलिस और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने, निगरानी में सुधार करने और विशेष रूप से आगामी पर्यटन मौसम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिक प्रशासन देश भर के पर्यटकों के लिए पटनीटॉप, नत्थाटॉप और सनासर को सुरक्षित और स्वागत योग्य गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।