रामनगर। कस्बे के वार्ड नंबर 12 स्थित शिवलोक आश्रम में आयोजित सात दिवसीय वार्षिक सात्विक महाविष्णु यज्ञ रविवार को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया। यज्ञ के अंतिम दिन सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
रविवार सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं का आश्रम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में भक्त स्वामी बलराज भारती के दर्शन करने पहुंचे। सुबह करीब आठ बजे हवन यज्ञ शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ आश्रम से कस्बे की नगर परिक्रमा की। इस दौरान स्वामी बलराज भारती के जयघोष से पूरा रामनगर गूंज उठा। नगर परिक्रमा में शामिल श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े। धार्मिक नारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से कस्बे का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इसके बाद सुबह करीब 11 बजे 16 कुंडीय हवन यज्ञ की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पवित्र अग्नि में आहुतियां डालीं। दोपहर करीब 12:30 बजे पूर्णाहुति के साथ सात दिवसीय यज्ञ संपन्न हुआ। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।