रामनगर। श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में आयोजित एस्टिमेट्स कमेटी की बैठक में रामनगर के विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज ने विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि रामनगर और इसके दूरदराज़ ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भारी कमी के कारण लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।
विधायक ने समिति के समक्ष मांग रखी कि उप जिला अस्पताल रामनगर सहित क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त पड़े डॉक्टरों, नर्सों, लैब टेक्नीशियनों, फार्मासिस्टों एवं अन्य आवश्यक कर्मचारियों के पदों को शीघ्र भरा जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए जम्मू या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
डॉ. भारद्वाज ने स्वास्थ्य ढांचे को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। विधायक ने उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर रिक्त पदों को भरेगी और स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।