रामनगर। बसंतगढ़ तहसील की पंचायत चकाल के गांव रशोउ में शुक्रवार को दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में क्षेत्र सहित दूर-दराज़ के पहलवानों ने दमखम दिखाया। मुख्य मुकाबले में बसंतगढ़ के बबलू पहलवान ने बग्गन बिलावर के राकेश पहलवान को हराकर सबसे बड़ी कुश्ती अपने नाम की।
दंगल का आयोजन दंगल कमेटी रशोउ के सदस्य दीवान चंद, शेरू राम, समाज सेवक पवन रसाल, चरण दास, राकेश कुमार, करतार चंद, प्रकाश चंद तथा अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों के सहयोग से लगभग डेढ़ लाख रुपये की लागत से कराया।
प्रतियोगिता शुक्रवार शाम चार बजे शुरू हुई और रात साढ़े आठ बजे तक चली। दंगल में करीब 50 कुश्तियां करवाई गईं, जिनमें 25 हजार, 22 हजार और 18 हजार रुपये की इनामी तीन बड़ी कुश्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पहली और सबसे बड़ी कुश्ती में बसंतगढ़ के बबलू पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बग्गन बिलावर के राकेश पहलवान को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
दूसरे बड़े मुकाबले में बसंतगढ़ के अरफान पहलवान और जगानू के अली पहलवान आमने-सामने हुए। इसमें अली पहलवान विजेता रहे। वहीं तीसरे मुकाबले में बसंतगढ़ के अफजल पहलवान का सामना उधमपुर के सलमान पहलवान से हुआ, जिसमें सलमान पहलवान ने जीत दर्ज की। दंगल के दौरान पूरे मैदान में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए दंगल कमेटी के प्रयासों की सराहना की।