रामनगर। तहसील रामनगर की पंचायत धीरन के वार्ड नंबर एक की रहने वाली एक महिला की नाला पार करते समय अचानक आए तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान विष्णु देवी (53) पत्नी बाबू सिंह के रूप में हुई है। उनका शव एनडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त अभियान के दौरान घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नाले से बरामद किया।
परिजनों के अनुसार विष्णु देवी वीरवार सुबह करीब 10 बजे प्याला गांव स्थित पीर बाबा के स्थान पर दूध चढ़ाने के लिए गई थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने फोन कर घर लौटने की जानकारी भी दी थी लेकिन देर शाम तक नहीं पहुंचीं। इसके बाद परिजनों ने महिला को फोन किया लेकिन फोन बंद मिला बाद में रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नालों में जलस्तर बढ़ गया था। घर लौटने के रास्ते में पड़ने वाले पदेर नाले को देखते हुए परिजनों को आशंका हुई कि नाला पार करते समय अचानक आई बाढ़ के तेज बहाव में वह बह गई होंगी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों के सहयोग से दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम दोपहर बारह बजे घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नाले में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रामनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने महिला का शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नाले से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रामनगर अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।