संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। तहसील रामनगर के बिरनू गांव में विशाल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र सहित बाहरी राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। दंगल कमेटी बिरनू ने ग्रामीणों के सहयोग से लगभग डेढ़ लाख रुपये की लागत से खेल का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में कुश्ती प्रेमियों ने भाग लेकर मुकाबलों का आनंद उठाया।
दंगल के मुख्य आकर्षण 21 हजार रुपये की बड़ी माली के मुकाबले में बसंतगढ़ के पहलवान इरफान और नई दिल्ली के पहलवान आशीष फौजी आमने-सामने हुए। लगभग आधे घंटे तक चले रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने बेहतरीन दांव-पेच दिखाए। इरफान बसंतगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर बड़ी माली अपने नाम कर ली। दूसरी बड़ी कुश्ती 15 हजार रुपये की माली के लिए रामनगर के पहलवान साहिल और नई दिल्ली के पहलवान आलोक के बीच हुई। इस मुकाबले में आलोक ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर दूसरी माली पर कब्जा जमाया। 10 हजार रुपये की तीसरी माली के मुकाबले में पंजाब के पहलवान गोरा और रामनगर के पहलवान दिन आमने-सामने हुए। करीब 20 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में गोरा पंजाब ने शानदार कुश्ती का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
दंगल कमेटी के सदस्य रामनाथ ने बताया कि ग्रामीणों और कमेटी सदस्यों के सहयोग से हर वर्ष इस पारंपरिक खेल आयोजन का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी सहयोगियों, पहलवानों और दर्शकों का आभार जताया। दंगल में स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।