रामनगर। कस्बे के वार्ड नंबर पांच नाले के ऊपर वर्षों पुराना बना पुल जर्जर हो चुका है। इस पुल की अभी तक मरम्मत नहीं हो पा रही है। खस्ताहाल पुल की वजह से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होता जा रहा है। दुकानदारों ने नगर पालिका को जल्द पुल की मरम्मत करवाने की मांग उठाई है।
स्थानीय दुकानदार शाम खारका, एनए काजी, आरिफ बांडे, मनोज कुमार, वसीम शेख, आकाश खारका, रमन कलसोत्रा, वेद प्रकाश ने बताया कि वार्ड नंबर पांच में कई दुकानें हैं। इन दुकानदारों के पास जाने के लिए कई लोग खस्ताहाल पुल के ऊपर से गुजरते हैं और यही पुल रामनगर-उधमपुर मार्ग को भी जोड़ता है। दुकानदारों ने बताया कि नाले में पुल पिछले कई वर्षों से बना है। इस पुल की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। पुल के दोनों हिस्सों की दीवारें तक गिर चुकी हैं और उसमें सिर्फ सरिया ही रह गया है।
खस्ताहाल पुल होने की वजह से लोगों ने आना-जाना ही बंद कर दिया है और कई लोग जान जोखिम में डालकर पुल से गुजरकर दुकानदारों के पास सामान लेने पहुंचते हैं। इसी के साथ वार्ड नंबर पांच के रहने वाले स्कूली छात्र भी इसी खस्ताहाल पुल से गुजरते हैं लेकिन संबंधित विभाग इस पुल की मरम्मत नहीं करवा रहा।
दुकानदारों ने कहा कि शायद विभाग किसी हादसे के इंतजार में है। इसलिए पुल की मरम्मत करवाने में असमर्थ हैं। दुकानदारों ने जल्द खस्ताहाल पुल का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
कोट
वार्ड नंबर पांच नाले के ऊपर बना पुल पिछले कई वर्षों से खस्ताहाल है। इस कारण दुकानदारों का कार्य भी प्रभावित होता जा रहा है। नगर पालिका जल्द संज्ञान ले और पुल की मरम्मत करवाने के कार्य को शुरू करे।
-एनए काजी, स्थानीय दुकानदार
खस्ताहाल पुल किसी बड़े हादसे होने को न्योता दे रहा है। विभाग इंतजार में है कि कोई बड़ा हादसा हो। शायद इसलिए पुल की मरम्मत करवाने में असमर्थ है। नगर पालिका खस्ताहाल हुए पुल के निर्माण कार्य जल्द करवाए।
-शाम खारका, स्थानीय दुकानदार
जर्जर पुल से हर रोज सुबह स्कूली छात्र जान जोखिम में डालकर स्कूलों की तरफ रुख करते हैं। खस्ताहाल पुल के कारण दुकानों में ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। विभाग जल्द इस पुल की मरम्मत करवाने के लिए ठोस कदम उठाए ताकि दुकानदारों का कार्य ठप न हो।
-आकाश खारका, स्थानीय दुकानदार