रामनगर। लोधरा पंचायत में चल रही टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार चार लीग मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में डुडू क्रिकेट क्लब, लोधरा(बी) क्रिकेट क्लब, लोधरा (ए) क्रिकेट क्लब और जोफड़ क्रिकेट क्लब ने जीत हासिल की।
तहसील बसंतगढ़ की पंचायत लोधरा में शुक्रवार दूसरे दिन क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज सुबह दस बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में आठ टीमों के चार अंतिम लीग मुकाबले करवाए गए। शनिवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे।
पहला लीग मुकाबला डुडू क्रिकेट क्लब और भगन क्लब के बीच हुआ। क्रिकेट क्लब बसंतगढ़ के बीच डुडू क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। इस टीम के खिलाड़ी मोहम्मद याकूब ने तूफानी पारी खेली। 24 गेंदों में 53 रन बनाकर टीम को 124 रनों तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भगन क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी आठ ओवर में 64 रन ही बना पाए।
दूसरा मुकाबला जोफड़ क्रिकेट क्लब और पोनारा क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। पोनारा क्रिकेट क्लब ने आठ ओवरों में आठ विकेट खोकर 80 रनों का लक्ष्य रखा। मुकाबले में जोफड़ क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों ने 6.4 ओवर में मुकाबला जीत लिया।
तीसरा लीग मुकाबला लोधरा (ए) क्रिकेट क्लब और लोधरा (बी) क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। इस मुकाबले में लोधरा (ए) ने लोधरा (बी) क्रिकेट क्लब को हराकर जीत हासिल की।
चौथा लीग क्रिकेट मुकाबला लोधरा (बी) क्रिकेट क्लब और मिडिल स्कूल लोधरा के बीच हुआ। मिडिल स्कूल लोधरा ने आठ ओवरों में छह खिलाड़ियों के नुकसान पर 54 रनों का लक्ष्य दिया। दूसरी और लोधरा (बी) क्रिकेट क्लब ने छह ओवरों में तीन विकेट खोकर मैच जीता।
संयोजक सद्दाम हुसैन ने बताया शुक्रवार को प्रतियोगिता में लीग मुकाबले करवाए गए हैं। इस प्रतियोगिता में पंद्रह टीमों ने हिस्सा लिया था। लीग मुकाबले के दौरान सात टीमों को हार का सामना करना पड़ा और प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा था। शनिवार से आठ टीमों के चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले करवाए जाएंगे।