घर में आग लगने के बाद बचे सामान के साथ परिवार।
- फोटो : katra news
रामनगर। ब्लॉक कुलवंता की पंचायत किया मोडा (लैडी) वार्ड 6 के रहने वाले मोहम्मद रफीक के कच्चे मकान और बाड़े में संदिग्ध हालात में आग लग गई। इसमें मकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बाडे़ में बांधे तीन मवेशियों में दो आग की भेंट चढ़ गए।
बेटे अब्दुल करीम ने बताया कि सोमवार सुबह 8:30 बजे कुलवंता इलाके में दिहाड़ी लगाने गया था। घर पर माता, पत्नी और तीन छोटे बच्चे थे। सुबह मां मवेशियों के लिए घास लेने चली गई और पत्नी तीनों बच्चों के साथ घर से मात्र पांच मिनट की दूरी पर पानी लेने के लिए गई हुई थी। पत्नी ने मुझे फोन पर बताया कि घर से धुआं निकल रहा है। मैं तुरंत कुलवंता से घर के लिए निकला। घर पहुंचने पर देखा कि कच्चा मकान और बाड़े में आग की लपटें निकल रही हैं। स्थानीय लोगों की मदद से बाड़े में बांधे पांच मवेशियों में से तीन को ही बाहर निकाल सके और दो मवेशी आग में जल गए। कच्चे मकान से कुछ सामान बाहर निकाल सके और काफी सामान आग लगने से राख हो गया है। पीड़िता परिवार ने रामनगर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।