रामनगर। रामनगर जोन के अंतर्गत पड़ते सरकारी प्राइमरी स्कूल देवी कैरी में चहारदिवारी नहीं होने से बच्चों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सरपंच तथा बच्चों के अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से स्कूल में चहारदिवारी का निर्माण करवाने की मांग की है।
पूर्व सरपंच सूरम चंद खजूरिया ने बताया कि शिक्षा विभाग में सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित करने के नाम पर भले ही करोड़ों रुपए का बजट खर्च हो रहा है, लेकिन क्षेत्र के गांव में कई स्कूलों में अभी तक चहारदिवारी तक का निर्माण नहींं हो सका है। ऐसे में छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह स्कूल गांव में है और इस जगह पर कई पशु चरने के लिए आते हैं और यही पशु स्कूलों के बाहर तक पहुंच जाते हैं। स्कूल की चहारदिवारी नहीं होने के कारण कई देर तक लावारिस पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता है। इस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से स्कूल की चहारदिवारी कराने की मांग की है ताकि बच्चों की पढ़ाई पर कोई असर न पड़े। संवाद
कोट
स्कूल की चहारदिवारी करवाने के लिए कोई योजना नहीं है। जैसे ही योजना बनेगी, चहारदिवारी का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-गिरधारी लाल, जेडीओ रामनगर शिक्षा विभाग