रामनगर। कस्बे में एसबीआई की शाखा से रुपये निकालने गए 63 वर्षीय बुजुर्ग से झपटमार बैग छीन कर फरार हो गया। बैग में पचास हजार रुपये, फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड था।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर शाम कस्बे के एक घर की छत पर बुजुर्ग का बैग बरामद हुआ। इसमें सिर्फ फोन ही मिला, लेकिन रुपये और अन्य सामान गायब था।
बुधवार दोपहर प्रिया गांव के रहने वाले करतार चंद बस अड्डे के समीप शिव मंदिर के पास एसबीआई शाखा में पैसे निकालने गए थे। पैसे निकालने के बाद बाहर आए तो अज्ञात व्यक्ति उनका बैग छीनकर भाग गया। बुजुर्ग के मुताबिक बैग में पचास हजार रुपए, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन था। बुजुर्ग ने थाने में जाकर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बैंक शाखा के अंदर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और आरोपी को ढूंढना शुरू कर दिया लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और चोर को पकड़ने के लिए कड़ा प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बारे में थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम के समय व्यक्ति का बैग बरामद कर लिया गया है जिसके अंदर फोन मिला है।
बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में चोर बैंक में दिखाई दिया है। देर शाम तक अज्ञात व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस की ओर से लगातार कोशिश की जा रही है जल्दी ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।