रामनगर। तहसील रामनगर की पंचायत दिहाड़ी रांग के अंतर्गत पड़ते प्लासा और ब्लांद गांव तक जाने वाले मार्ग के किनारे जमीन धंस गई है। इससे वाहन चालकों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग को धंसी जमीन की मरम्मत करवाने की मांग की है।
इस मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों ने बताया प्लासा से ब्लांद मार्ग के बीच पड़ता तारगाह मोड़, मालती मोड़, दुआ फाड़ के पास मार्ग के किनारे तीन जगहों पर जमीन धंस गई है, जिस कारण आने जाने वाले सभी यात्री वाहनों के चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालक बलजीत सिंह, रवि कुमार, रजनीश कुमार, संजीव कुमार, सुभाष चंद्र ने बताया कि इस मार्ग पर पांच मेटाडोर और एक यात्री ऑटो चलता है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मार्ग के किनारे जमीन धंस गई है। इससे आने-जाने वाले लोगों को हादसे का डर बना रहता है।
वाहन चालकों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग से मांग की कि जल्द ही मार्ग के किनारे धंसी हुई जमीन की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाए।
कोट
मार्ग की मरम्मत करवाने के लिए एस्टीमेट भेज दिया गया है। जल्द ही टेंडर जारी होगा। मार्ग के साथ धंसी हुई जमीन की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा और सभी वाहन चालकों की परेशानी भी दूर होगी।
-ऋषि गुप्ता, एईई, पीएमजीएसवाई विभाग