रामनगर। कस्बे के शिवलोक आश्रम में वार्षिक साप्ताहिक महाविष्णु यज्ञ शुरू होने के दो दिन पहले भगवान विष्णु की शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान शोभा यात्रा में काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और भगवान विष्णु का गुणगान किया। शुक्रवार दोपहर दो बजे कस्बे के वार्ड नंबर 12 में स्थित शिवलोक आश्रम से भगवान विष्णु की शोभायात्रा आरंभ हुई। यह शोभायात्रा मुख्य बाजार, बस अड्डे, चीगली चोरी, ऐतिहासिक किला, पुलिस थाने के बाहर से होते हुए वापस मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। शोभा यात्रा में लोगों ने भगवान विष्णु के जयघोष लगाकर कस्बे का वातावरण कुछ समय के लिए भक्तिमय रहा।
शिवलोक आश्रम के स्वामी रामदेव सरस्वती महाराज ने बताया कि यह महाविष्णु यज्ञ वर्षों पुराना है। इस माह विष्णु यज्ञ का आरंभ स्वामी बलराज भारती ने करवाया था और तबसे लेकर महाविष्णु यज्ञ लगातार जारी है। 26 अक्तूबर को महाविष्णु यज्ञ आरंभ होगा और 2 नवंबर रविवार को समापन होगा।