कटड़ा। हरि यमुना संस्था हरियाणा के प्रमुख गुरदेव गुरु अपने सहयोगियों के साथ यमुना नदी को स्वच्छ करने को लेकर लगातार अपने लक्ष्य में जुटे हुए हैं। मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाने कटड़ा पहुंचे गुरदेव गुरु ने बताया कि जीवन का लक्ष्य नदियों को साफ सुथरा तथा हरा भरा करना है। इसको लेकर उनकी संस्था हरि यमुना लगातार कार्यशील है। उन्होंने कहा कि अगर श्राइन बोर्ड सहमति प्रदान करें तो उनकी संस्था त्रिकुटा पर्वत को भी हरा भरा करने लिए तैयार है। गुरदेव गुरु ने बताया कि वर्ष 2023 में हरि यमुना के सदस्यों ने दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ करने का कार्य शुरू किया था जो वर्तमान में भी लगातार जारी है। यमुना के तट पर एक करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक करीब आठ लाख पेड़ लगाए जा चुके हैं और इन सभी पेड़ों की देखरेख भी संस्था द्वारा अन्य सहयोगी संगठनों के साथ की जा रही है।
गुरदेव गुरु का कहना है कि यमुना के साथ लगते पानीपत, पांवटा साहिब, पलवल आदि में पेड़ लगाने का कार्य तेजी से जारी है। आने वाले समय में दिल्ली के साथ ही उत्तर प्रदेश आदि में भी यमुना के किनारे पौधे लगाए जाएंगे। इसको लेकर समाज में लोगों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। संस्था द्वारा 108 भागवत कथा लगातार जारी है। यह कथा वर्ष 2023 में उत्तराखंड के यमुनोत्री से शुरू की थी। अभी तक 72 कथाएं संपन्न हो चुकी हैं, वर्तमान में कथा वृंदावन में जारी है। इसके अलावा सहारनपुर आदि में भी कथा का आयोजन होगा और इसकी समाप्ति वर्ष 2026 में उत्तराखंड के यमुनोत्री में होगी।