उधमपुर। सर्दी के सीजन में जंगलों में आग लगने की बढ़ती आशंकाओं को देखते हुए वन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बसंतगढ़ में वन अग्नि सुरक्षा को लेकर एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें वन विभाग के साथ भारतीय सेना, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय स्वयंसेवकों ने मिलकर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने जंगलों में आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, आग बुझाने की तकनीकों, प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने, बचाव अभियान और प्राथमिक उपचार की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आग की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने और जान-माल तथा बहुमूल्य वन संपदा को नुकसान से बचाने के लिए सभी एजेंसियों को तैयार करना रहा।
अभ्यास के दौरान समय पर सूचना, त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी संचार और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल को विशेष प्राथमिकता दी गई। इसमें यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि वनाग्नि की किसी भी घटना के दौरान सभी संबंधित एजेंसियां बिना देरी के एकजुट होकर कार्रवाई कर सकें।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों को भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। उन्हें जंगलों में आग लगने के कारणों, संभावित खतरों और आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगलों की सुरक्षा केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
छोटी सी लापरवाही बन सकती है बड़े वन में आग लगने की वजह
वन विभाग ने लोगों से अपील की कि जंगलों में धुआं या आग दिखाई देने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। समय रहते मिली सूचना वन में लगी आग को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है। विशेष रूप से शुष्क मौसम के दौरान लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर रामनगर वन मंडल के वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ने भारतीय सेना, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, वन कर्मचारियों और स्थानीय स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए विभागों के बीच निरंतर समन्वय, बेहतर तैयारियां और आम जनता की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। मॉक ड्रिल के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने बसंतगढ़ सहित पूरे क्षेत्र की वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।